सावन पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, किए अनुष्ठान
गढ़मुक्तेश्वर। सावन मास की पूर्णिमा के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रांतों से आए दो लाख से भी अधिक श्रद्धालुओं ने लठीरा और पूछ के कच्चे घाट समेत ब्रजघाट गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर विभिन्न अनुष्ठान किए।
सावन मास की पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत पश्चिमी यूपी के जनपदों के श्रद्धालुओं का आगमन बृहस्पतिवार की देर शाम को ही प्रारंभ हो गया था, जिससे तीर्थनगरी की सैकड़ों धर्मशाला, मंदिर और आश्रम परिसरों में भारी भीड़ जुटने पर हर तरफ चहल और रंगत बढ़ गई थी। देर रात होते ही अधिकांश श्रद्धालु गंगा तट पर एकत्र हो गए थे, जहां ब्रह्म मुहूर्त में हर हर गंगे के जयकारों के बीच मोक्ष दायिनी में डुबकी लगाने का क्रम प्रारंभ हो गया था। डुबकी लगाने के बाद अधिकांश भक्तों ने गंगा किनारे बैठे पंडितों से श्रावण मास की महत्ता समेत भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और मंदिरों में पहुंचकर ईष्टदेवों के समक्ष मत्था टेक मोक्ष दायिनी से मनौती मांगीं। दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, नोएडा, गाजियाबाद जैसे महानगरों से आए भक्तों ने गंगा में डुबकी लगाने के बाद गरीब निराश्रितों को भोजन वस्त्र का दान किया।