चोरी के वाहनों का कटान करते तीन शातिर गिरफ्तार
हापुड़। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात रामपुर रोड स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। पुलिस ने यहां से चोरी के वाहनों का कटान करने वाले मोहल्ला शिवदयालपुरा निवासी अनवर ठेकेदार कबाड़ी, मजीदपुरा निवासी जफरू और रफीकनगर निवासी वकील को गिरफ्तार किया है। गोदाम से कार के पुर्जें, एक छोटा इंजन, नंबर प्लेट व काफी मात्रा में वाहनों के कटे हुए पुर्जे बरामद हुए हैं।
एसपी दीपक भूकर ने बताया कि शुक्रवार रात कोतवाली पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामपुर रोड स्थित एक गोदाम पर छापा मारा। सूचना के बाद वह पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इस दौरान यहां कुछ लोग वाहनों का कटान कर रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यहां चोरी के वाहनों का कटान कर रहे थे। गोदाम में काफी समय से वाहनों का कटान किया जा रहा था। एसपी ने बताया कि अवैध रूप से वाहनों का कटान नहीं होने दिया जाएगा। इसके खिलाफ व्यापक रूप से अभियान चलाया जाएगा।