फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चीनी से भरे मिलों के गोदाम, भुगतान के इंतजार में किसान

Sun, 28 Feb 2021 11:56 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद
विज्ञापन
गन्ना उत्पादन का बड़ा केंद्र
विज्ञापन

जिले की दोनों शुगर मिलों के गोदामों में चीनी का करीब नौ लाख क्विंटल स्टॉक है, फिर भी भुगतान गति नहीं पकड़ पा रहा है। शासन से दोनों मिलों को फरवरी महीने में भी महज 61 हजार क्विंटल चीनी बिक्री का ही कोटा मिला, जो भुगतान के नजरिए से पर्याप्त नहीं है। यही कारण है कि दोनों मिलों पर अभी भी सत्र 2019-20 का करीब 64 करोड़ रुपये बकाया चल रहा है। नए सत्र का कोई भुगतान मिलों ने शुरू नहीं किया है।

विज्ञापन


पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत हापुड़ जिला भी गन्ना उत्पादन का बड़ा केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में किसान इस खेती से जुड़े हैं। लेकिन भुगतान में होने वाली समस्या के चलते अब किसानों का मोह इस खेती से भंग होता जा रहा है। जिले की दोनों शुगर मिलों ने अभी तक बीते सत्र का भी पूरा भुगतान नहीं किया है, जबकि वर्तमान सत्र में भी किसान 60 फीसदी से अधिक फसल मिलों को सप्लाई कर चुके हैं।

शासन, प्रशासन गन्ना भुगतान को लेकर आए दिन अपनी पीठ थपथपाता रहता है। लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल उल्ट ही है। भुगतान न होने का एक बड़ा कारण कोटा निर्धारण नीति भी बनती जा रही है। गन्ना विभाग के अनुसार जिले के दोनों शुगर मिलों में वर्तमान में करीब नौ लाख क्विंटल चीनी का स्टॉक रखा है। लेकिन शासन से इन मिलों को फरवरी महीने में चीनी बिक्री का कोटा महज 61 हजार क्विंटल ही मिल सका है। इतनी चीनी बिक्री से किसानों का पूरा भुगतान समय से करना संभव नहीं है। यह बात अलग है कि गन्ना विभाग अन्य संसाधनों से भी भुगतान करवा रहा है।
विज्ञापन


इस अव्यवस्था से जिले के किसानों का दोनों शुगर मिलों पर करीब 64 करोड़ रुपये सत्र 2019-20 का बकाया चल रहा है। जिसके लिए किसान आए दिन बैंक, सोसायटी के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। सरकार से मिलने वाली सब्सिडी को लेकर भी गन्ना विभाग सजग है, क्योंकि इस सब्सिडी से भुगतान किसानों का ही होना है।

शुगर मिलों पर सत्र 2019-20 के भुगतान की स्थिति
शुगर मिल अवशेष भुगतान
सिंभावली 62.92 करोड़ रुपये
बृजनाथपुर 2.77 करोड़ रुपये
(नोट: यह भुगतान सत्र 2019-20 का है, जबकि सत्र 2020-21 का कोई भुगतान मिलों ने नहीं किया है।)
फरवरी महीने के चीनी बिक्री का कोटा
सिंभावली मिल 5004 टन
बृजनाथपुर मिल 1824 टन
दोनों शुगर मिलों में चीनी के स्टॉक की स्थिति
सिंभावली मिल 731429 क्विंटल
बृजनाथपुर मिल 201939 क्विंटल

जिला गन्ना अधिकारी निधि गुप्ता ने बताया कि किसानों का भुगतान लगातार मिलों से कराया जा रहा है। बीते साल का भुगतान अब जल्द ही पूरा हो जाएगा। इसके बाद नए सत्र का भुगतान भी तेजी से कराया जाएगा। किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें