सिंभावली। गांव सिखैड़ा निवासी किसान को रकम दोगुनी करने का लालच देकर चार युवकों ने 2.5 लाख रुपये की रकम ठग ली। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिखैड़ा निवासी लताफत ने तहरीर दी है। जिनका कहना है कि वह गांव में ही जनपद बुलंदशहर के किसानों की जमीन ठेके पर लेकर खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पीड़ित ने बताया कि करीब डेढ माह पहले एक व्यक्ति बाइक से उनके पास खेत पर पहुंचा। जिसने अपना नाम जावेद निवासी मोदीनगर बताया। युवक ने जमीन का सौदा करने की बात की। लेकिन, जमीन अपनी न होने के कारण उन्होंने युवक से मना कर दिया। आरोपी ने उन्हें अपनी बातों में फंसा कर मोबाइल नंबर ले लिया। जिसके बाद जावेद उन्हें अपने साथ अनजान स्थान पर ले गया। जहां उसके तीन साथी मिले। जहां चारों आरोपियों ने जुआ खेलने का लालच देकर जीतने पर रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। उस दिन के खेल में जीतने पर उन्हें लालच आ गया। जिसके बाद आरोपियों ने 11 मार्च को उन्हें एक होटल में बुलाया। वह अपने साथ ढाई लाख रुपये लेकर गए। आरोपियों ने ढाई लाख रुपये लेकर 10 मिनट में पांच लाख लेकर आने की बात की और वहां से चले गए। काफी देर तक आरोपी नहीं लौटे, तो उन्होंने मोबाइल पर फोन किया। लेकिन, आरोपी पक्ष का मोबाइल बंद मिला। जिसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। काफी तलाश करने के बाद भी आरोपियों का कुछ पता नहीं चल सका है।
सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।