फर्जी दस्तावेज से सरकारी भूमि का बैनामा कराया
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के एक गांव में एक महिला ने पैतृक भूमि बताकर सरकारी भूमि बेच दी। जानकारी होने पर पीड़िता ने शिकायत की, तो अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव मुरादपुर निवासी महिला रुकैय्या ने रविवार को थाने में तहरीर दी है। जिसका कहना है कि वर्ष 2020 में उसने गांव की ही एक महिला से 100 वर्ग गज का प्लॉट एक लाख 40 हजार रुपये में खरीदा था। आरोपी महिला ने उस प्लॉट को अपनी पैतृक संपत्ति बताते हुए फर्जी ढंग से बैनामा उसके नाम करा दिया। पीड़िता ने बताया कि प्लॉट का पैसा उसने आरोपी महिला की बेटी के बैंक खाते में जमा किया। जिसके बाद प्लॉट पर मकान का निर्माण कराकर वह परिजनों के साथ उसमें रहने लगी। कुछ दिन पूर्व ग्राम प्रधान ने उस भूमि को ग्राम समाज की बताकर उसे खाली करने का नोटिस दे दिया। जिसके बाद उसने बैनामा ग्राम प्रधान को दिखाया, तो उसने दस्तावेज के आधार पर उसके मकान की भूमि को ग्राम समाज की बताया और खाली करने को कहा। जिसके बाद वह आरोपी महिला और उसकी बेटी के पास पहुंची, तो उन्होंने अभद्रता करते हुए उसे भगा दिया। वहीं उसके पति साजिद को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने आरोपियों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीओ पवन कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।