बदनौली गोलीकांड में घायल दीपक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में हुए गोलीकांड में घायल दीपक की रविवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर गांव में कोहराम मच गया। दीपक का शव पोस्टमार्टम के बाद दोपहर गांव पहुंचेगा। जिसे लेकर गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
शुक्रवार को गांव में दो पक्षों के लोगों के बीच हुए विवाद के दौरान जमकर गोलीबारी और पथराव हुआ था। गोली लगने से तीन लोग घायल हुए थे। तभी से घायल दीपक की हालत नाजुक बनी हुई थी और उसका इलाज मेरठ मेडिकल में चल रहा था। लेकिन रविवार सुबह दीपक ज़िंदगी से जंग हार गया। दीपक की मौत की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया।
हालांकि, पुलिस मामले में मुख्य आरोपी पूर्व प्रधान संदीप कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। दीपक की मौत के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों की ओर से दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
एसपी ज्ञानंजय सिंह का कहना है, पुलिस की संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ हैं। मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम कर बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
सांसद चंद्रशेखर ने की न्याय की मांग
सांसद ने कहा कि जिला हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में 4 सितंबर को पुरानी रंजिश के चलते घरों में घुसकर पथराव और फायरिंग की घटना में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। गंभीर रूप से घायल दीपक की 5 सितंबर की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। एक परिवार ने अपना बेटा खो दिया, इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार से हमारी मांग है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। घटना से पहले की परिस्थितियों, पुलिस की भूमिका और हिंसा रोकने में हुई चूक की भी पूरी जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए।
मायावती ने जताया दुख
बसपा सुप्रिमो मायावती ने घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर कहा कि हापुड़ में दो समुदायों में हुई आपसी रंजिश व झड़प में घायलों में से एक व्यक्ति की आज हुई मौत अति-दुखद। सरकार आरोपियों को कानूनी सजा के साथ-साथ पीड़ित परिवार की भी सहायता जरूर करे तो यह उचित होगा। वैसे भी आपसी रंजिशों का खून-खराबा में बदल जाना अति-निन्दनीय एवं चिंतनीय तथा ऐसी घटनाओं को सरकारी हस्तक्षेप आदि से हर हाल में रोका जाना चाहिए ताकि विवाद संघर्ष तक ना पहुंच पाए।