हापुड़। थाना हाफिजपुर पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तमंचा, कारतूस, दो चाकू, बाइक, गैस सिलिंडर व अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस इनके साथियों की तलाश कर रही है।
एएसपी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि बुधवार देर रात थाना हाफिजपुर पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बाइक पर सवार होकर तीन संदिग्ध चोर गांव अकड़ौली की तरफ आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने आरोपियों को गांव अकड़ौली स्थित साईं मंदिर के पास से दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिला बुलंदशहर के थाना सिकंद्राबाद कामरा निवासी शमशाद उर्फ बंटी, हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रफीकनगर निवासी बब्लू और शिवगढ़ी निवासी शहनवाज के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिन के समय ये घूमकर बंद घरों की रैकी करते थे। जबकि रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने 22 दिन पहले बुलंदशहर के गांव कुल्ली भटौना स्थित एक व्यक्ति के घर में चोरी की थी, उसका सामान बरामद कर लिया गया है। ये चोरी के सामान को बेचने की फिराक में थे। शमशाद उर्फ बंटी के खिलाफ हापुड़ और बुलंदशहर में 16, बब्लू के खिलाफ सात और शाहनवाज के खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।