अनवरपुर गांव में रास्ते का निर्माण नहीं होने से परेशान ग्रामीणों को केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद जनरल वीके सिंह का पुतला जलाना महंगा पड़ गया।
सांसद प्रतिनिधि की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने नौ लोगों को नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीते रविवार अनवरपुर और कांवी के सैकड़ों ग्रामीण अनवरपुर गांव में एकत्रित हुए थे। अनवरपुर से कांवी जाने वाले रास्ते का निर्माण नहीं होने के विरोध में ग्रामीणों ने केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद जनरल वीके सिंह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।
इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने नारे लगाते हुए पुतला जलाया था। मामले में सांसद प्रतिनिधि अजीत तोमर ने नौ लोगों सुनील, विक्की, धीरेंद्र, संजय तोमर कांवी, बबलू, शेखर तोमर, दिनेश तोमर, अश्वनी तोमर, सुधीर तोमर को नामजद करते हुए एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसएसआई आरके शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उधर, संजय तोमर कांवी ने बताया कि अनवरपुर से कांवी जाने वाले रास्ते का निर्माण कराने के लिए ग्रामीण कई वर्षों से मांग कर रहे थे, ग्रामीणों की मांग को बार बार नजरअंदाज किया गया था।
गांव अनवरपुर में शांतिपूर्ण तरीके से बैठक की गई थी। सांसद वीके सिंह के खिलाफ नारे नहीं लगाए गए थे। इस तरह के मुकदमे दर्ज कराकर जनता की आवाज को बंद करने की कोशिश की जा रही है।