गढ़मुक्तेश्वर। गुर्जर समाज के वरिष्ठ नेता राजेश पायलट पर भाजपा के आईटी सैल अध्यक्ष द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में गढ़ में होने वाली महापंचायत की अनुमति न मिलने पर बृहस्पतिवार को जमकर हंगामा हुआ। गुर्जर समाज के सैकड़ों लोगों के साथ सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान और पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर गढ़ पहुंचे, जहां सीओ और अन्य पुलिस कर्मियों से जमकर नोकझोंक हुई। सपा विधायक अतुल प्रधान को पुलिस ने हिरासत में लेकर कोतवाली भेजा।
भाजपा आईटी सैल के अध्यक्ष द्वारा स्व. राजेश पायलट पर की गई टिप्पणी के विरोध में गुर्जर समाज के लोगों में आक्रोष व्याप्त है। इसके विरोध में बृहस्पतिवार को गढ़ के घोड़ा फार्म हाउस में गुर्जर समाज की महापंचायत होनी थी। जिसकी तैयारी में समाज के लोग जुटे हुए थे। लेकिन बुधवार को ही महापंचायत की अनुमति निरस्त कर दी गई। बृहस्पतिवार को सपा विधायक अतुल प्रधान और पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर गढ़ पहुंचे। इस दौरान गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग भी साथ थे। पुलिस को सूचना मिली तो सभी को पंचायत स्थल पर जाने से रोक दिया गया। जिसके कारण हंगामा हो गया।
सपा विधायक अतुल प्रधान ने एसडीएम अंकित कुमार वर्मा और सीओ आशुतोष शिवम से कहा कि समाज के लोगों को बेइज्जत नहीं होने दिया जाएगा। आखिर स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा महापंचायत को अनुमति देने के बाद निरस्त क्यों की। सीओ ने कहा कि जनपद में धारा 144 लगी हुई है, इसलिए महापंचायत के लिए अनुमति प्रदान नहीं की गई है। अतुल प्रधान ने कहा कि यदि अभी कोई प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री या अन्य कोई सरकारी कार्यक्रम होता है तो क्या अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन समाप्त होने के बाद अनुमति के लिए आवेदन करें। पंचायत करने से किसी को नहीं रोका जाएगा। वहीं मुखिया गुर्जर भी सैकड़ों समाज के लोगों के साथ गढ़ आए, जिनको कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने शहीद पार्क पर रोक दिया, इस दौरान काफी नोकझोंक हुई, जिसके बाद वह भी वहां से लौट गए। इस मौके पर अजय गुर्जर, संजीव गुर्जर, परवीन, अंकित प्रधान, सुधीर मोरल आदि मौजूद रहे।
पुलिस की गाड़ी पर लटककर थाने पहुंचे युवक
विधायक अतुल प्रधान को जब पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया गया, इस दौरान कई युवक पुलिस की गाड़ी पर लटककर थाने पहुंचे। वहीं गढ़ चौपला से लेकर नक्का कुआं रोड तक गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग थाने पहुंच गए। इस दौरान चौपला पर जाम की स्थिति बन गई।
कई गुर्जर समाज के नेता रहे नजरबंद
सपा जिलाध्यक्ष बब्लू प्रधान गुर्जर ने कहा कि पुलिस को जब पता चला कि गुर्जर समाज के लोग अधिक संख्या में एकत्र हो रहे हैं, तो सभी को नजरबंद कर दिया। इसके अलावा भाकियू संघर्ष राष्ट्रीय अध्यक्ष सरनजीत गुर्जर, वहीं किसान नेता कोशेंद्र गुर्जर, हरीश हूण के घर पर पुलिस तैनात कर दी गई।