हापुड़। जिले की 11 ग्राम पंचायतों में उपचुनाव के दौरान एक ग्राम प्रधान व सात ग्राम पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए। जबकि तीन ग्राम पंचायतों में नामांकन करने वालों के दस्तावेजों में कमी पाई गई, जिसके कारण उन्हें निरस्त कर दिया गया।
जिले के हापुड़ विकास खंड की ग्राम पंचायत भमैड़ा में प्रधान की मृत्यु हो गई थी। ग्राम पंचायत में प्रधान पद पर उपचुनाव होना था। उपचुनाव के लिए ग्राम पंचायत से सिर्फ एक ही नामांकन हुआ, जिसके बाद असलम निर्विरोध ग्राम प्रधान निर्वाचित हो गए। इसके साथ सिकंदरपुर काकोड़ी में सदस्य पद के लिए सतपाल सिंह, करनपुर जट्ट में मुनेश, करनपुर जट्ट में धनपाल सिंह, सिखेड़ा में करमुद्दीन, दहपा कंदौला में मुरारी, भदस्याना में नूर मोहम्मद और आलमपुर भगंवतपुर में नरेन्द्र सिंह को निर्विरोध सदस्य निर्वाचित किया गया।
वहीं भीकनपुर, हाजीपुर उदयपुर और हाजीपुर उदयपुर में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए एक-एक नामांकन प्राप्त हुआ था। इसमें भीकनपुर के लिए मोहम्मद इरन, हाजीपुर उदयपुर में विमलेश, हाजीपुर उदयपुर में बाबूराम ने नामांकन किया था। लेकिन तीनों के नामांकन में दस्तावेजों की कमी के कारण उन्हें निरस्त कर दिया गया। ऐसे में अब आगामी आदेश के बाद इन ग्राम पंचायतों में चुनाव होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम प्रेरणा शर्मा ने कहा कि जिले की सात ग्राम पंचायतों में सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए। जबकि एक ग्राम पंचायत में प्रधान निर्विरोध निर्वाचित हुए है।