गढ़मुक्तेश्वर। आगामी ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेले के मद्देनजर पुलिस ने जनपद में 22 जून की सुबह 8 बजे से 25 जून की रात 8 बजे तक भारी एवं हल्के मालवाहक वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन प्लान लागू करने की तैयारी कर ली है। मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के ब्रजघाट और गढ़ पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, जिससे यातायात सुचारू बना रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पंडित विनोद शास्त्री ने बताया कि 25 जून की दशमी तिथि के अनुसार सुबह 4ः30 बजे स्नान प्रारंभ होगा, जो दशमी तिथि के समापन 26 मई की सुबह 5 बजकर 10 मिनट पर होगा। जिसमें श्रद्धालुओं की संख्या स्नान के लिए बढ़ेगी। जिसको लेकर एसपी ज्ञानंजय सिंह द्वारा डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। इसमें पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, गजरौला, अमरोहा और मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली और गाजियाबाद से मुरादाबाद जाने वाले वाहन मसूरी, गुलावठी, बुलंदशहर, नरौरा, बरवाला, बहजोई, डिबाई और चंदौसी होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। पुलिस द्वारा जारी की गई एडवाइजरी में स्पष्ट किया है कि गंगा स्नान के दौरान गढ़ और ब्रजघाट क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों का भी डायवर्जन किया जा सकता है। इसके अलावा अत्यधिक भीड़ या जाम की स्थिति बनने पर कुछ समय के लिए जीरो ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की जा सकती है। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित डायवर्जन मार्गों की जानकारी प्राप्त कर लें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
डायवर्जन प्लान के प्रमुख बिंदु
1- दिल्ली/गाजियाबाद से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन मसूरी, गुलावठी, बुलंदशहर, नरौरा, बरवाला, बहजोई, डिबाई और चंदौसी मार्ग से होकर जाएंगे।
2- हापुड़ से गजरौला, अमरोहा व मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन गुलावठी, बुलंदशहर, नरौरा, बरवाला, बहजोई, डिबाई व चंदौसी के रास्ते भेजे जाएंगे। इसमें वाहन चालक गंगा एक्सप्रेसवे का प्रयोग कर सकते हैं।
3- मेरठ से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन मवाना रोड, मीरापुर, बिजनौर, नगीना, धामपुर, कांठ व छजलैट होते हुए मुरादाबाद पहुंचेंगे।
4- मुरादाबाद से गाजियाबाद/दिल्ली जाने वाले भारी वाहन चंदौसी, गुन्नौर, नरौरा, डिबाई व बुलंदशहर मार्ग से होकर जाएंगे। यहां भी गंगा एक्सप्रेसवे का प्रयोग कर सकते हैं।
5 गजरौला व अमरोहा से हापुड़, गाजियाबाद और दिल्ली जाने वाले भारी वाहन गजरौला चौपला, चांदपुर, हल्दौर, बिजनौर, मीरापुर, मवाना और मेरठ मार्ग से निकाले जाएंगे।
6 संभल से गाजियाबाद/दिल्ली जाने वाले भारी वाहन अनूपशहर, बुलंदशहर, गुलावठी और मसूरी मार्ग से होकर गुजरेंगे। इसमें गंगा एक्सप्रेसवे का भी प्रयोग किया जा सकता है।