अलविदा जुमा की नमाज शुक्रवार को होगी। डीएम ने इस दौरान मस्जिदों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ बिजली, पानी, सफाई की बेहतर व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। वहीं, पुलिस व प्रशासन के अफसर पुलिस बल के साथ गश्त पर रहेंगे।
डीएम अनिल ढींगरा ने बताया कि अलविदा जुमा की नमाज के दौरान मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस और पीएसी के जवान गश्त पर रहेंगे। रोजेदारों को किसी तरह की दिक्कत न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।
विद्युत निगम और नगर पालिका के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखें। पालिका के अधिकारी अपने अपने क्षेत्र की मजिस्दों और आसपास के इलाकों में भ्रमण करें और किसी भी तरह की समस्या मिलने पर समाधान कराएं।
अपर पुलिस अधीक्षक रामनयन यादव ने बताया कि अलविदा जुमा पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सभी सीओ और थाना प्रभारी क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। संदिग्ध लोगों और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं।
गढ़मुक्तेश्वर प्रतिनिधि के मुताबिक अलविदा जुमा की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क है। नगर पालिका के अफसर हर व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं। मुस्लिम समुदाय द्वारा जुमा अलविदा को छोटी ईद के रूप में भी मनाया जाता है,
क्योंकि इस दिन बड़ी संख्या में बच्चे भी अपनी जिंदगी का सबसे पहला रोजा रखते हैं। इस दिन गरीब-निराश्रितों में खैरात-जकात बांटने के साथ ही घरों में स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर रोजा इफ्तार का आयोजन किया जाता है।
उधर, एसडीएम शमशाद हुसैन, डीएसपी सतीश चंद्र पांडेय और इंस्पेक्टर समरजीत सिंह का कहना है कि अलविदा जुमा के मद्देनजर सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं, जिसके तहत नमाज पूरी होने तक मस्जिदों से जुड़े रास्तों पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।