हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला निवासी छात्रा को युवक अपने साथियों की मदद से बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया। जानकारी होने पर आरोपी के परिजनों ने छात्रा के पिता को गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री कक्षा नौ की छात्रा है। सात दिसंबर की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे अपने स्कूल गई थी। लेकिन विद्यालय की प्रबंधक ने पुत्री के कॉलेज न आने की सूचना उन्हें भेजी। इसके बाद उन्होंने परिजनों के साथ पुत्री को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। परिचितों ने बताया कि एक युवक अपने दो साथियों के साथ उनकी पुत्री को बाइक से बुलंदशहर की तरफ ले गया है। युवक के परिजनों से जानकारी की गई तो उन्होंने अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी युवक व उसके साथियों के खिलाफ बहला फुसलाकर अपहरण करने की धारा 137(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।