हापुड़। सीसीएसयू अंतर महाविद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को एसएसवी पीजी कॉलेज में खेला गया। इसमें महिला वर्ग में गाजियाबाद के एसडी कॉलेज और पुरुष वर्ग में नोएडा के एनसीपी कॉलेज की टीम विजेता रहीं। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से 250 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
खेल विभाग प्रभारी डॉ. सुदर्शन त्यागी ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से आईं कॉलेजों की टीमों ने दम दिखाया। प्रतियोगिता में गाजियाबाद के एसडी कॉलेज की महिला टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस मुकाबले में टीम ने गाजियाबाद के ही एमएमएच कॉलेज को हराया।
वहीं,पुरुष वर्ग में भी एनसीपी नोएडा कॉलेज ने फाइनल मुकाबले में मेरठ कॉलेज को हराकर प्रतियोगिता को अपने नाम किया। वहीं, पुरुष वर्ग की एकल प्रतियोगिता में वेदांत ने पृथ्वी को हराया और महिला वर्ग में गार्गी सिंह ने समीक्षा त्यागी को हराया।
एसएसवी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. नवीन चंद्र ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। टूर्नामेंट ऑब्जर्वर डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. आरके शर्मा, डॉ. जयचंद त्यागी, सुधीर गोयल, प्रभात शर्मा, यशपाल, पुनीत शर्मा, सचिन गुप्ता, यश शर्मा, कार्तिक गोयल, कुणाल त्यागी व गरिमा का सहयोग रहा।