बाबूगढ़ टाउन एरिया की सात हजार की आबादी महीने भर से बिजली और पानी की किल्लत से जूझ रही है। शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक के बाद महिलाओं ने धरना प्रदर्शन कर समस्या के समाधान की मांग की है। शुक्रवार को बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक डॉ. शराफत अली सैफी के आवास पर हुई। बैठक में पूर्व सभासद अजय सिंह जयंत ने कहा कि बाबूगढ़ टाउन एरिया में पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी बनी हुई है,
लेकिन वर्तमान में प्रेशर कम होने से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। बसपा के सेक्टर अध्यक्ष पवन जाटव ने कहा कि टाउन एरिया में पानी नहीं मिलने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जब लोग नगर पंचायत के अधिकारियों से इस गंभीर समस्या के समाधान को कहते हैं तो उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। बैठक में निर्णय लिया गया कि जल्द एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी से मिलेगा और समस्या के समाधान की मांग करेगा।
बैठक के बाद बसपा महिला संगठन की वरिष्ठ नेत्री कश्मीरी देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए समस्या के समाधान की मांग की है।
इस अवसर पर इस्लामुद्दीन सैफी, अमित जाटव, शमसुद्दीन सैफी, संतराम जाटव, सुंदर जाटव, डा.एसके राय, दिनेश कुमार जाटव, देवेंद्र जाटव, मनोज उर्फ गुड्डू, सुशीला, सुनीता, जारा खान, शकुंतला, पुष्पा, राजवती आदि मौजूद रहीं।