गढ़मुक्तेश्वर। विधायक हरेंद्र तेवतिया ने मुख्यमंत्री से मिलकर गंगा पर पक्का बांध और गढ़ और तिगरी के बीच गंगा पर पुल बनाने की मांग की। वहीं, सड़क किनारे लगने वाली अनाज मंडी का भी मुद्दा उठाया गया।
दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सरकार द्वारा बनाई गई उप कृषि मंडी में उचित स्थान न मिलने से धान और गेहूं आढ़ती मजबूरी में सड़क किनारे कारोबार करते हैं। जिसे लेकर आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष ने शुक्रवार को विधायक से शिकायत की थी। शनिवार को विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया ने लखनऊ में सीएम आवास पर हुई मंडल स्तरीय बैठक में उप कृषि मंडी के विस्तार की बात रखी। उन्होंने कहा कि मंडी में पर्याप्त जगह नहीं है, जिससे अनाज आढ़ती परेशान हैं। आढ़तियों की परेशानी को देखते हुए उप कृषि मंडी का विस्तार करने अथवा केवल गल्ला आढ़तियों के लिए अन्य स्थान पर मंडी निर्माण कराने की मांग रखी। इसके अलावा विधायक ने सीएम से गढ़ से कच्चे घाट तक जा रही सड़क का चौड़ीकरण कराने, खादर क्षेत्र में गंगा जलस्तर का बढ़ने के दौरान होने वाली तबाही को रोकने के लिए पक्का बांध और गंगा पर लठीरा से तिगरी तक पुल के निर्माण की मांग की। विधायक ने बताया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मांगों का जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है।