सिंभावली। जनपद मेरठ के एक गांव निवासी महिला ने प्रेमी पर अपहरण करने और बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने बताया कि शादी से पहले उसकी अपने ही गांव के रहने वाले एक युवक से अच्छी जान पहचान थी। युवक ने उससे शादी करने की बात कहीं, लेकिन परिजनों ने उसका निकाह सिंभावली थाना क्षेत्र के एक युवक से कर दिया। निकाह के बाद से वह अपने पति के साथ रह रही है। कुछ दिन पहले उसके प्रेमी का फोन आया और उसने उसे अपने साथ चलने के लिए कहा। उसने मना किया तो आरोपी ने उसके निकाह से पहले के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसकी ससुराल में आकर उसका अपहरण कर ले गया। वहां उसने अपनी मौसी के घर पर बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म करते हुए जबरन धर्मांतरण का प्रयास किया। उसके बाद आरोपी उसे मायके के निकट जंगल में छोड़ कर भाग गया। पीड़िता ने एसपी को भेजे गए पत्र में मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।