हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास रुपये दोगुना करने का लालच देकर एक ठग ने ठेला चालक से 38 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर पीडि़त ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जांच में पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक ठग दिखाई दिया।
नगर के मोहल्ला गणेशपुरा निवासी गुलाब ठेला चलाता है। बुधवार की दोपहर बाद वह अपने ठेले में सीमेंट लादकर शहर की तरफ आ रहा था। मेरठ रोड स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास युवक ने उसे रोक लिया। इस दौरान आरोपी ने उसे रुपये दोगुना करने का झांसा देकर अपनी बातों में फंसा लिया। ठग की बातों पर विश्वास कर उसने अपने जेब में रखे 38 हजार रुपये आरोपी को दे दिए।
इसके बाद आरोपी उसे देखकर हाथ हिलाता हुआ आसानी से फरार हो गया। गुलाब ने बताया कि उसके पास दुकान के रुपये थे। ठगी का अहसास होने के बाद गुलाब ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जांच के दौरान आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीओ ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। सीसीटीवी कैमरे में पहचान कर ठग को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।