हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित संजय विहार आवास विकास निवासी अजय गोयल ने अपने परिचित पर धौलाना में इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स बनाने की फैक्टरी लगाने का झांसा देकर उनसे 34 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। आरोप है कि सख्त तकादा करने पर आरोपी ने उन्हें दो फर्जी चेक दिए, लेकिन वह बैंक से कैश नहीं हो पाए। आरोपी ने फैक्टरी में उन्हें आधे का साझेदार करने का लालच भी दिया था। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अजय गोयल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि जिला गाजियाबाद के लोहियानगर निवासी उनके व्यापारिक जानकारी अजय गर्ग की गाजियाबाद की नवयुग मार्केट में मेसर्स हैरी मार्केटिंग के नाम से इलेक्ट्रॉनिक फर्म है। सितंबर 2019 में अजय गर्ग ने उनसे औद्योगिक क्षेत्र धौलाना में इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स बनाने की फैक्टरी लगाने की बात कही थी। आरोप है कि दो अक्तूबर 2019 में आरोपी ने उनके घर आकर फैक्टरी में करीब दो करोड़ रुपये की लागत आने व आधे हिस्से का साझेदार करने का झांसा दिया। इस दौरान आरोपी ने उन्हें फैक्टरी का नक्शा, एनओसी आदि कागजात भी दिखाए।
आरोपी की बातों पर विश्वास कर उन्होंने 10 अक्तूबर 2019 में आरोपी के खाते में 20 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने फैक्टरी में लागत लगाने के नाम पर उनसे धीरे-धीरे करीब 14 लाख रुपये और ले लिए। फैक्टरी न लगने पर ढाई वर्ष बाद उन्होंने आरोपी से अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उन्हें कई महीने टरकाया। इसके बाद आरोपी ने दो फर्जी चेक उन्हें दिए। बैंक में लगाने पर दोनों चेक कैश नहीं हुए। छह नवंबर 2023 में उन्होंने इसकी शिकायत एसपी से की। जिसे एंटी फ्रॉड सैल को भेजकर सीओ सदर से जांच कराने के लिए भेज दिया। उन्होंने अपने बयान व कागजात आदि सीओ सदर के समक्ष प्रस्तुत किए। इसके बाद भी कई महीनों तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। जानकारी करने पर उन्हें केवल लोकसभा चुनाव व पुलिस ड्यूटी में व्यस्त रहने का आश्वासन मिला था। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि पीडि़त की तहरीर पर अजय गर्ग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।