गढ़मुक्तेश्वर। गांव अल्लाबख्शपुर में क्रिकेट टूर्नामेंट कराने के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए खिलाड़ियों ने कोतवाली पहुंचकर आयोजकों के खिलाफ तहरीर दी है। खिलाड़ियों का आरोप है कि टूर्नामेंट के नाम पर उनसे बड़ी रकम वसूली गई, लेकिन तय समय में प्रतियोगिता पूरी नहीं कराई गई।
मेरठ के माछरा निवासी शहजाद मलिक मंगलवार को अपनी टीम के खिलाड़ियों के साथ कोतवाली पहुंचे और तहरीर सौंपी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। उनकी टीम में 15 खिलाड़ी शामिल थे, जिनसे प्रवेश शुल्क के रूप में 20 हजार रुपये लिए गए। इसके अलावा प्रत्येक खिलाड़ी से 500 रुपये फॉर्म शुल्क के नाम पर वसूले गए। इसी तरह अन्य टीमों से भी अलग-अलग मदों में पैसे लिए गए। शिकायतकर्ता के अनुसार टूर्नामेंट को दस दिनों में पूरा किया जाना था, लेकिन आयोजन बीच में ही रोक दिया गया। आरोप है कि आयोजकों ने फाइनल में पहुंची टीमों का मैच भी नहीं कराया। अब आयोजकों के मोबाइल फोन बंद हैं और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। इससे खिलाड़ियों में भारी नाराजगी है और वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि अल्लाबख्शपुर के कुछ युवकों ने टूर्नामेंट आयोजित करने की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन अब उनकी नीयत पर सवाल उठ रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि टूर्नामेंट के नाम पर करीब दो लाख रुपये से अधिक की रकम वसूली गई है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।