फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: पूर्व मंत्री पर फायरिंग के मामले में रिपोर्ट दर्ज, हिरासत में कार मालिक

Tue, 10 Feb 2026 09:57 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
विज्ञापन
विज्ञापन
गढ़मुक्तेश्वर। पूर्व मंत्री और गढ़ विधानसभा से तीन बार विधायक रह चुके मदन चौहान पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने कार मालिक राम किशोर निवासी इंद्रगड़ी गाजियाबाद को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य युवकों की तलाश जारी है। वहीं, एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला रोडरेज से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
विज्ञापन


पूर्व मंत्री मदन चौहान ने बताया कि वह अपने पीए रणधीर सिंह, गनर दीपक और चालक के साथ कोतवाली क्षेत्र के गांव हिरनपुरा में सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार गांव की ओर बढ़ी, रास्ते में तीन युवक खड़े मिले। इनमें से एक युवक के हाथ में दो पिस्टल थीं। आरोप है कि कार के नजदीक पहुंचते ही युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान एक आरोपी ने पिस्टल से ट्रिगर दबाया। फायर की आवाज कार में सवार सभी लोगों ने सुनी। पूर्व मंत्री के अनुसार घटना के तुरंत बाद गनर दीपक कार से उतरकर आरोपियों की ओर बढ़ा। इसी बीच वहां पुलिसकर्मी को देखकर आरोपी मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पुलिस ने इस मामले में कार मालिक राम किशोर को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने बताया कि घटना के दौरान कार उसका भांजा लेकर गया हुआ था। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की पहचान सूर्य और शिवम लोधी निवासी गढ़ नगर के रूप में हुई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दौरान सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन


मदन चौहान रह चुके हैं मंत्री



पूर्व मंत्री मदन चौहान गढ़ विधानसभा से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे ढाई वर्ष के लिए स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री रहे और मनोरंजन कर मंत्री का दायित्व भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2017 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी से टिकट पर चुनाव लड़ा। इसमें भी पराजय मिली। वर्तमान में मदन चौहान भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए हैं।

विपक्ष ने सुरक्षा पर उठाए सवाल

घटना को लेकर विपक्ष ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता सुधीर चौहान ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मदन चौहान वर्तमान में भाजपा के कार्यकर्ता हैं और उनके साथ पुलिसकर्मी भी मौजूद था। इसके बावजूद बदमाशों द्वारा पिस्टल से फायरिंग की गई। उन्होंने कहा कि यह घटना भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था की पोल खोलती है और आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें