हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ज्ञानलोक कॉलोनी निवासी पूर्व भाजयुमो के जिलाध्यक्ष ने दो लोगों पर दूसरे की जमीन अपनी बताकर धोखाधड़ी से 38 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। इस संबंध में भाजपा नेता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
भाजपा नेता मुनीश गर्ग ने बताया कि ब्रह्मनान व नई मंडी स्थित गुड ट्रांसपोर्ट निवासी दो लोगों ने दिल्ली रोड स्थित अपना घर कॉलोनी में 2762 वर्गगज जमीन के मालिकाना हक के कागज दिखाते हुए उसे बेचने की बात कही। दोनों की बातों पर विश्वास कर उन्होंने जमीन का सौदा कर लिया और दस लाख रुपये नकद दे दिए। इसके बाद 23 अगस्त 2024 को चार लाख रुपये व 17 सितंबर 2024 को दस लाख रुपये दोनों के खाते में भेज दिए।
आरोपियों ने जमीन पर कब्जा देकर उन्हें जल्द से जल्द बैनामा करने का वादा किया। जिसके बाद उन्होंने 14 लाख रुपये में जमीन की चहारदीवारी कर दी। एक दिन वह भराव कराने जमीन पर पहुंचे। इसी बीच कुछ लोग पहुंचे और दस्तावेज दिखाते हुए स्वयं को जमीन का मालिक बताया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से बातचीत की तो वह इधर-उधर की बातें करने लगे। उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।