हापुड़। छात्राओं को स्कूल लेकर जा रही श्रीमति ब्रह्मादेवी बालिका विद्या मंदिर स्कूल की बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिसमें चालक और चार छात्राएं घायल हो गईं। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
परिजनों की मानें तो देहात थाना क्षेत्र के अन्तर्गत गांव पीरनगर सूदना की कुछ छात्राएंं श्रीमति ब्रह्मदेवी बालिका विद्या मंदिर में पढ़ती हैं। मंगलवार सुबह बस गांव से छात्राओं को लेकर निकली। बताया जा रहा है कि बस अपने समय से कुछ देरी से गांव पहुंची थी, ऐसे में चालक तेज गति से बस चलाने लगा। जैसे ही बस किठौर मार्ग पर पहुंची तो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। कुछ छात्राएं रोने लगी। आसपास के राहगीरों ने छात्राओं को बस से बाहर निकाला। हादसे में चालक गोपाल निवासी गणेशपुरा, दिव्या और अनमोल निवासी पीरनगर सूदना के अलावा दो और छात्राएं घायल हो गर्ईं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना स्थल खरखौदा थाना क्षेत्र के अन्तर्गत हुई है। फिलहाल किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली है।