गढ़मुक्तेश्वर। कृषि क्षेत्र में पढ़ाई कर चुके युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार ने एग्रीजंक्शन (एग्री उद्यमिता) योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के तहत चयनित कृषि स्नातकों को एग्रीजंक्शन केंद्र स्थापित करने के लिए प्रशिक्षण, बैंक ऋण, ब्याज अनुदान और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जनपद में इस साल चार नए केंद्र खोले जाने का लक्ष्य है।
उप कृषि निदेशक योगेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना के तहत वर्तमान वित्तीय वर्ष में जनपद में चार एग्रीजंक्शन स्थापित किए जाएंगे। जनपद के प्रत्येक विकास खंड में एक एग्रीजंक्शन खोले जाने का लक्ष्य विभाग को मिला है। जिसके लिए चार उद्यमियों को चयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एग्री जंक्शन (वन स्टॉफ शॉप) के लिए इच्छुक कृषि स्नातक 30 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभागीय वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in/Agrijunction पर जाकर आवेदन करें।
- ये होंगे पात्र
योगेंद्र कुमार ने बताया कि योजना में 40 वर्ष से कम आयु के कृषि स्नातक, कृषि व्यवसाय प्रबंधन स्नातक और कृषि एवं सहबद्ध विषयों जैसे उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशु चिकित्सा और मुर्गी पालन में डिग्री स्तर की पढ़ाई कर चुके युवा पात्र हैं। उन्होंने बताया कि डिग्री यूजीसी से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय की होनी चाहिए। वहीं, अनुसूचित जाति, जनजाति, महिला आवेदकों को आयु में अधिकतम पांच साल तक की छूट भी दी जा रही है।
- निशुल्क मिलेगा प्रशिक्षण
डीडी कृषि ने बताया कि चयनित अभ्यार्थियों को ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान से 13 दिन का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा एग्री जंक्शन केंद्र की स्थापना के लिए बैंक ऋण पर अग्रिम ब्याज अनुदान अधिकतम 42 हजार रुपये सब्सिडी के रुप में सहायता भी दी जा रही है।