नगर में गढ़ रोड रेलवे फाटक पर बन रहे फ्लाई ओवर पर 15 दिन के भीतर यातायात चालू हो जाएगा। फिलहाल इसकी एक साइड पर ही यातायात शुरू होगा। बता दें कि राज्य सेतु निगम द्वारा गढ़ रोड स्थित मेरठ खुर्जा रेलवे लाइन के ऊपर फ्लाईओवर वर्ष 2013 से निर्माणाधीन है।
59 करोड़ के बजट से बनने वाले इस फ्लाई ओवर के कार्य पूरा होने की कई तिथियां घोषित हो चुकी हैं। लेकिन निर्माण पूरा नहीं हो सका था। इस पुल के निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपया रेलवे और 45 करोड़ रुपया पीडब्लूडी को देना था।
रेलवे ने बजट जारी कर दिया है जबकि पीडब्लूडी की ओर से 37 करोड़ रुपया दिया जाना बाकी है। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने बताया कि उक्त फ्लाई ओवर का कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है।
30 अप्रैल से पहले ही इस फ्लाईओवर पर यातायात चालू करा दिया जाएगा। अभी इसकी एक साइड का कार्य को ही पूरा किया जा रहा है ताकि जनता को राहत मिल सके। फ्लाई ओवर की दूसरी साइड के कार्य को भी जल्द पूरा करने के लिए प्रयास किया जाएगा।
इस फ्लाई ओवर पर यातायात चालू होने के बाद शहर ही नहीं गढ़ रोड के तमाम गांवों और कस्बों की जनता को हापुड़ शहर में आने के दौरान हो रही परेशानियों से निजात मिल जाएगी।
पहले इस फ्लाई ओवर का कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिसंबर 2016 रखा गया था लेकिन बजट नहीं मिलने के कारण कार्य पूरा नहीं हो सका। अब 30 अप्रैल तक कार्य पूरा होने का लक्ष्य है।