मौसम बदलने के कारण क्षेत्र में वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। सरकारी और निजी नर्सिंग होम में मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। चिकित्सक लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
एक पखवाड़े से मौसम लगातार बदल रहा है। तापमान घटने और बढ़ने से लोग वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। कोठी गेट राजकीय महिला चिकित्सालय और गढ़ रोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हापुड़ में रोज वायरल पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
बुधवार सुबह कोठी गेट राजकीय महिला चिकित्सालय में गंगापुरी निवासी 35 वर्षीय गुड्डी,17 वर्षीय रूबी और मोहल्ला रफीकनगर निवासी 28 वर्षीय शाहिस्ता को भर्ती कराया गया।
चिकित्सक डॉ. योगेश ने बताया कि ऐसे मौसम में सभी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहना जरूरी है। उन्होंने बताया कि उनके यहां रोज 250 से 270 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। इनमें से करीब 150 से 170 वायरल पीड़ित मरीज हैं।
वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस मौसम में लोगों को अपने शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए। ओआरएस भी लेते रहें। यहां रोजाना 150 से 200 वायरल पीड़ित मरीजों का उपचार हो रहा है।
शहर के प्राइवेट अस्पतालों में भी यही हालात हैं। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि मरीजों को कोई परेशानी नहीं हो, इसका ध्यान रखा जा रहा है। फिलहाल सभी अस्पतालों में भरपूर दवाएं उपलब्ध हैं।