वायरल के साथ ही मलेरिया बुखार ने भी पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। इसके बाद भी फॉगिंग न होने से गुस्साए लोगों ने नगर पालिका के विरोध में प्रदर्शन किया। बरसात के सीजन में वायरल फीवर फैलने से गढ़ समेत देहात में महिला-बच्चों समेत एक दर्जन की मौत हो चुकी है।
पानी भरने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने पर मलेरिया बुखार ने भी पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। खादर के बाढ़ प्रभावित गांवों में बुखार से पूनम, अतरसिंह, दुलारी, कलिया तथा गढ़ के आदर्शनगर मुहल्ले में राशिद, असद, हनीफा समेत दर्जनों मरीजों के रक्त की जांच में मलेरिया बुखार की पुष्टि हो चुकी है।
पालिका स्तर से मच्छरों की रोकथाम को फॉगिंग और स्वास्थ्य विभाग दवाओं के वितरण की व्यवस्था नहीं कर रहा है। निजी चिकित्सकों का कहना है कि पिछले कई वर्षों के मुकाबले इस बार मलेरिया के सर्वाधिक रोगी मिले हैं।
बिन्नू, नरेश, विजयपाल, बदरुद्दीन दानिश, शकील ने पालिका की अनदेखी के विरोध में प्रदर्शन कर गढ़-ब्रजघाट में नियमित तौर पर फॉगिग कराने की मांग की है।