संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। सहालग का दौर शुरू होते ही फूलों का कारोबार महक उठा है। गुलाब के फूल से दूल्हे की कार ही नहीं जयमाल के स्टेज तक की सजावट की जा रही हैं। जयमाला, सेहरा, दूल्हे के वाहन आदि की सजावट के लिए फूलों की मांग बढ़ने से दाम दोगुना होने के बाद भी कारोबार में बढ़ोत्तरी हुई है। शादी की खुशी में लोग महंगाई की परवाह किए बगैर दिल खोलकर खर्च कर रहे हैं।
सहालग में फूलों का बाजार भी अपनी खुशबू घोल रहा है। शहर के गढ़ रोड, चंडी रोड, पक्का बाग, स्वर्ग आश्रम रोड, दिल्ली रोड, बुलंदशहर रोड सहित अन्य स्थानों पर फूल विक्रेताओं की दुकानें है। सहालग सीजन में फूलों के कारोबारी शादी वाले घरों में मांग के मुताबिक विभिन्न किस्म के फूलों की आपूर्ति करा रहे हैं। आपूर्ति दिल्ली की मंडियों से हो रही है। साज-सज्जा के लिए आर्टिफिशियल फूलों की मांग भी बढ़ गई है।
चंडी रोड स्थित फूल विक्रेता अभिषेक कुमार ने बताया कि 20 दिन में गेंदा और गुलाब के दाम दोगुना हो गए हैं। बाजार में अब गेंदा 100 रुपये किलो और गुलाब 250 किलो बिक रहा है। फूलों की आपूर्ति गाजीपुर मंडी से हो रही है। शादियों के सीजन में कारोबार भी दोगुना हो गया है। गुलाब के फूलों की जयमाला 500 से पांच हजार रुपये, गाड़ी की सजावट दो हजार रुपये, घर सजाने के लिए पांच हजार रुपये और मंडप सजाने के लिए पांच से दस हजार रुपये तक की बुकिंग की जा रही है। कारोबार में बढ़ोतरी होने के से फूल विक्रेताओं के चेहरे खिले हुए हैं।