मिलावट माफिया बेखौफ हैं। पिछले दिनों सरसों के तेल में मिलावट पाई गई थी, अबकी बार आटा भी खाने योग्य नहीं निकला है। फूड सेफ्टी विभाग की जांच में आटा सेहत के लिए खतरनाक पाया गया है।
अब अफसर आटा बनाने वाली कंपनी और बेचने वाले दुकानदार पर कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। शहर में सरसों के तेल में मिलावट मिलने के बाद दूसरे खाद्य पदार्थों में भी मिलावट सामने आनी शुरू हो गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीरा सिंह ने बताया कि सितंबर माह में मंडी पाटिया स्थित एक दुकान से नंदी ब्रांड का आटे का सैंपल लिया गया था। यह जांच में फेल हो गया है। आटा अनसेफ यानि सेहत के लिए असुरक्षित पाया गया है।
जिसके बाद इस मामले को एसीजीएम कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया है। जहां मामले में सुनवाई होगी।
इस मामले में दुकानदार का तर्क है कि जिस आटे का सैंपल लिया गया था, वह ब्रांड उनके यहां पैक नहीं होता। डिस्ट्रीब्यूटर से आटा फ्लोर मिल से पैक लाकर दुकान पर बेचा जाता है। ऐसे में उनके स्तर पर कमी पायी जाना संभव ही नहीं है।