पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव परतापुर में संचालित तीन औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण फैलाने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। शिकायत पर फैक्टरियों का निरीक्षण करने के दौरान बॉयलर में प्लास्टिक कचरा जलाकर जहरीली गैस फैलाने का खुलासा हुआ।
बुधवार की रात करीब 10 बजे धुएं की शिकायत मिलने पर उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक पर्यावरण अभियंता सतेंद्र प्रताप सिंह व विपुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मून प्रोसेसर्स में फैब्रिक पर स्टार्च लगाने के दौरान बायलर में प्लास्टिक वेस्ट जलाया जाना पाया गया। जबकि यह इकाई बंदी आदेश के बावजूद भी संचालित मिली। श्री रामा इंडस्ट्रीज में भी बायलर में प्लास्टिक कतरन जलाई जा रही थी। श्री बालाजी प्रोसेसर्स में डाईंग के दौरान अपशिष्ट जलाकर जहरीली गैसों का उत्सर्जन पाया गया। इससे आसपास के क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा था। कार्रवाई के दौरान मून प्रोसेसर्स से जुड़े अनस व इस्लाम, श्री रामा इंडस्ट्रीज से जुड़े राकेश गर्ग, श्री बालाजी प्रोसेसर्स से जुड़े दुसार व विरेंद्र सिंघल ने टीम के साथ धक्कामुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया और इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। निरीक्षण टीम ने तीनों फैक्टरियों के बायलरों और प्लांटों को भी सील कर दिया है। सहायक पर्यावरण अभियंता सतेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तीनों इकाईयों के पांचों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है।