कुचेसर चौपाला। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के हाईवे-9 स्थित उपैड़ा फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार कार खच्चर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए और खच्चर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिला गाजियाबाद के लोनी निवासी विजय कुमार अपने रिश्तेदार और बच्चों के साथ ब्रजघाट में अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। हाईवे-9 स्थित उपैड़ा फ्लाईओवर के पास उनकी कार एक खच्चर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार में सवार पांच लोग घायल हो गए। जबकि खच्चर की मौके पर मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन के माध्यम से कार को हटवाकर हाइवे किनारे खड़ा कराया।