हापुड़। मोदीनगर रोड स्थित 132केवी बिजलीघर से जुड़े रेलवे के फीडर में तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार दोपहर ढाई घंटे तक पांच बिजलीघर बंद रखे गए, जिसकी उपभोक्ताओं को पूर्व में सूचना नहीं दी गई। शहरी क्षेत्र के अलावा 30 गांवों में बिजली का संकट रहा। पानी की किल्लत और गर्मी से लोगों का बुरा हाल रहा।
132 केवी बिजलीघर से मोदीनगर रोड, जसरूपनगर, कैली, धीरखेड़ा ग्रामीण और औद्योगिक बिजलीघर के साथ ही हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के संचालन के लिए बने बिजलीघर को भी सप्लाई दी जाती है। उक्त बिजलीघर के फीडर में कुछ खराबी आ गई, फाल्ट बड़ा न हो इसलिए मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सभी बिजलीघरों की आपूर्ति बंद कर दी गई।
दोपहर को अचानक आपूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हो गए। बिजलीघरों के भी फोन घनघनाने लगे। ढाई घंटे तक इन बिजलीघरों को आपूर्ति नहीं मिल सकी। जिसके कारण मेरठ रोड आवास विकास, संजय विहार, गांधी विहार समेत आधा दर्जन मोहल्लों और 30 से अधिक गांवों की सप्लाई बाधित रही।
इन गांवों में बाधित रही आपूर्ति
बिजलीघरों के बंद रहने से जसरूपनगर, दस्तोई, जोगीपुरा, कैली, पांची, कूड़ी, कबट्टा, धीरखेड़ा, नया गांव, असौड़ा, ट्याला, गोयना, बदनौली, दादरी समेत मेरठ रोड पर लाइन पार के इलाकों की सप्लाई बाधित रही।
आज 8 घंटे बंद रहेगा जसरूपनगर बिजलीघर
उपखंड द्वितीय क्षेत्र के जसरूपनगर बिजलीघर पर क्षमता वृद्धि का कार्य बुधवार को होगा। जिस कारण उक्त बिजलीघर से जुड़े गांव दादरी, जोगीपुरा, पांची, दस्तोई समेत जंगल के फीडर सुबह 9 से शाम पांच बजे तक बंद रहेंगे। लोगों को पहले ही जरूरी कार्य निपटाना पड़ेगा।
नलकूपों के फीडर को नहीं मिल रही पर्याप्त बिजली
देहात अंचल में नलकूपों के फीडर आवासीय क्षेत्रों से अलग कर दिए गए हैं। साथ ही इनकी आपूर्ति भी 10 घंटे से घटाकर 9 घंटे कर दी गई है। गर्मी पड़ रही है, ऐसे में इतनी बिजली से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है। आने वाले समय में स्थिति और बिगड़ेगी।
इन छह बिजलीघरों की क्षमता वृद्धि शुरू
बिजलीघर वर्तमान क्षमता प्रस्तावित
दिल्ली रोड प्रथम 15 एमवीए 20 एमवीए
दिल्ली रोड द्वितीय 15 एमवीए 20 एमवीए
जसरूपनगर 13 एमवीए 15 एमवीए
आनंद विहार 10 एमवीए 15 एमवीए
धीरखेड़ा औद्योगिक 10 एमवीए 15 एमवीए
स्वर्ग आश्रम रोड 10 एमवीए 15 एमवीए
(नोट : दिल्ली रोड बिजलीघर की क्षमता वृद्धि हो चुकी है।)
कोट -
मोदीनगर रोड स्थित 132केवी बिजलीघर से शट डाउन किया गया था। जिस कारण पांच बिजलीघर बंद रहे, बिजलीघरों को चालू कर, समस्त क्षेत्र की सप्लाई बहाल करा दी गई है। - हिमांशु, उपखंड अधिकारी द्वितीय।