पिलखुवा। दीपावली से पहले पटाखों का अवैध कारोबार रोकना पुलिस के लिए चुनौती बना है। कार्रवाई के बावजूद आपूर्ति का नेटवर्क नहीं टूट रहा। फिलहाल बड़े कारोबारी छोटे दुकानदारों को पटाखे बेच रहे हैं। दुकानदार इन्हें खरीदकर आगे बिक्री भी कर रहे हैं।
व्हाट्सएप पर पटाखों की तस्वीरें भेजकर सौदा तय किया जा रहा है। दुकानदार पसंद के पटाखे चुनकर अग्रिम भुगतान करते हैं।
इसके बाद खेप निर्धारित ठिकाने तक पहुंचाई जाती है। एक विक्रेता के अनुसार अमरोहा और फर्रुख नगर से करीब 80 लाख रुपये के पटाखे शहर में लाए गए हैं। दीपावली पर ग्राहकों को भी व्हाट्सएप से पटाखे बेचने की योजना है।
मोबाइल पर बुकिंग, घर तक पहुंच रहा माल : नाम नहीं छापने की शर्त पर एक व्यापारी ने बताया कि उसने बड़े डीलर से 50 हजार रुपये के पटाखे खरीदे हैं। तस्वीरें देखकर दुकानदार सौदा तय करते हैं। अग्रिम भुगतान के बाद माल बताए ठिकाने पर पहुंचाया जाता है।
किताबों-जूतों के डिब्बों में छिपाकर आपूर्ति : आरोप है कि पटाखे किताबों, जूतों और अन्य सामान के डिब्बों में छिपाए जा रहे हैं। नीचे पटाखे रखकर ऊपर सामान्य सामान भर दिया जा रहा है।
इस तरीके से जांच से बचकर खेप शहर पहुंचाई गई है। व्यापारी के अनुसार पिछले वर्ष एक कारोबारी पर कार्रवाई हुई थी। इसके बावजूद उस पर पटाखे बेचने का आरोप है।
कार्रवाई के बाद भी कारोबार जारी रहने से आपूर्ति नेटवर्क पर सवाल उठ रहे हैं।