गढ़मुक्तेश्वर। गांव मानक चौक में गर्दन में गोली लगने से घायल हुए किसान की हालत अब खतरे से बाहर है। घटना के तीसरे दिन परिजनों ने थाने में तहरीर देकर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गढ़ क्षेत्र के गांव मानकचौक में शनिवार की दोपहर मंडी में नींबू बेचकर किसान तस्वीर सिंह अपने नलकूप के कमरे में खाली क्रेट रखने गए थे। जहां हमलावरों ने हत्या करने की नीयत से उनकी गर्दन में गोली मार दी थी। पीड़ित किसान को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर शरीर में फंसी गोली बाहर निकाल दी। अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। हालांकि, अभी भी वह मेरठ के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। किसान तस्वीर की हालत में सुधार होने पर घटना के तीसरे दिन उनके छोटे भाई कश्मीर सिंह ने कोतवाली में पहुंचकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि गोली लगने से घायल किसान के भाई की तहरीर पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर अज्ञात हमलावरों की तलाश की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर हमलावरों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।