हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला काजीवाड़ा में शुक्रवार की रात शराब पीकर हुई कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के चार लोगों का शनिवार में शांतिभंग में चालान किया है।
मोहल्ला काजीवाड़ा निवासी आजाद व फैसल शुक्रवार की रात दोनों शराब पीकर मोहल्ले में पहुंचे। कुछ देर बाद दोनों में शराब पीने को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों में मारपीट होने लगी। शोर सुनकर सुनकर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट के बाद पथराव हो गया। मारपीट व पथराव में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना पर नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट, सिकंदरगेट चौकी प्रभारी विवेक चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देख दोनों पक्ष के लोग भाग गए। पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवकों में आजाद, अफजल, फैसल व अतीक शामिल हैं। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि आजाद व फैसल में शराब पीकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। उन्हें पथराव होने की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि पुलिस ने दोनों पक्षों के आजाद, अफजल, फैसल व अतीक का शांतिभंग में चालान किया है।