हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला तगासराय में दुकान पर गुटखा उधार लेने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष से फायरिंग करने के भी आरोप लगे हैं। अयोध्यापुरी चौकी प्रभारी की तहरीर पर पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अयोध्यापुरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रमेशचंद्र गौतम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि रविवार की दोपहर करीब ढाई बजे वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी बीच उन्हें मोहल्ला तगासराय में दुकान से गुटखा उधार लेने को लेकर दो पक्षों में झगड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर वह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान होशियार उसका पुत्र हिमांशु व निमेष और सुधीर उर्फ बब्लू उसका पुत्र शिवम व यश के बीच दुकान पर लाठी-डंडों से एक दूसरे को जान से मारने की नियत से मारपीट व गाली गलौज हो रही थी।
इसी बीच काले रंग की स्कार्पियो कार से सुधीर उर्फ बब्लू के दोस्त सिकंदर ने आकर जान से मारने की नियत से होशियार पक्ष पर फायरिंग कर दी थी। फायरिंग में होशियार पक्ष के लोग बाल-बाल बच गए थे। झगड़े में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं। झगड़ा होने के बाद दोनों पक्ष एक दूसरे को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सिकंदर मौके पर ही कार को छोड़कर भाग गया। पुलिस कार को कब्जे में लेकर थाने ले आई थी।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि अयोध्यापुरी चौकी प्रभारी की तहरीर पर होशियार, हिमांशु, निमेष, सुधीर उर्फ बब्लू, शिवम, यश व सिकंदर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।