सिंभावली। गांव सिखेड़ा के निकट बुधवार की रात दो डग्गामार बसों के स्टाफ में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की बस में तोडफोड़ कर डाली। इस दौरान बस में सवार यात्रियों को भी घायल कर दिया। पीड़ित बस स्वामी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद अमरोहा के थाना धनौरा क्षेत्र के गांव चुचैला निवासी रमजानी ने तहरीर देते हुए बताया कि उसकी बस बदायूं से हिमाचल तक जाती है। रोजमर्रा के भांति बस चालक और परिचालक बुधवार को भी यात्रियों को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सिंभावली क्षेत्र में पुराने हाईवे पर गांव सिखेड़ा के निकट पुरानी रंजिश के कारण इसी रूट पर चलने वाली दूसरी बस के चालक ने ओवरटेक कर उसकी बस को रूकवा लिया। जिसके बाद सारिक, मिरजा ने बस में तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया। इसी बीच कार से वहां पहुंचे सलमान और फाजिल ने भी बस चालक-परिचालक और यात्रियों की पिटाई करना शुरू कर दिया। हंगामा होने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन आरोपी चालक-परिचालक व सवारियों की पिटाई करते रहे। जिसके बाद जान मारने की धमकी देकर भाग निकले।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।