हापुड़। बुलंदशहर के जीरो कूल शूटिंग रेंज में 26 से 30 सितंबर तक आयोजित सातवीं सौरव चौधरी मेमोरियल शूटिंग प्रतियोगिता में श्रीमती ब्रह्मादेवी सरस्वती बालिका विद्यालय की छात्राओं ने दो स्वर्ण समेत छह पदक जीते।
प्रधानाचार्या मीनाक्षी यादव ने बताया कि कक्षा नौ की छात्रा सौम्या त्यागी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ऑफ चैंपियन राइफल विनर ट्रॉफी के साथ दो स्वर्ण पदक और 8100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्राप्त की। कक्षा 11 की आयुषी सिंह ने चैंपियन ऑफ चैंपियन रनरअप ट्रॉफी, एक रजत पदक और 4100 रुपये का पुरस्कार जीता।
कक्षा नौ की अर्पिता सिंह ने चैंपियन ऑफ चैंपियन में चौथा स्थान हासिल करते हुए रजत पदक और 1100 रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त की। वहीं कक्षा आठ की परिधि त्यागी ने कांस्य पदक जीता।