नली हुसैनपुर गांव निवासी एक किसान बृहस्पतिवार को नलकूप का बिल जमा करने उपैड़ा बिजलीघर के काउंटर पर पहुंचा। काउंटर पर मौजूद कर्मी ने उस पर 1.37 लाख रुपये बकाया बता दिया। इससे किसान की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
पीड़ित ने बताया कि वह हर महीने बिल जमा करता है, इतना बिल कैसे आया उसे नहीं मालूम है। किसान मूलचंद ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को उपैड़ा बिजलीघर के बिल काउंटर पर बिल जमा करने पहुंचा।
जेब में वह सिर्फ एक महीने का बकाया बिल की रकम लेकर आया था। काउंटर पर जैसे ही उन्होंने बिल जमा करना चाहा, वहां तैनात कर्मचारियों ने उन्हें 1.37 लाख रुपये बकाया होना बताया। किसान ने जब इतना बकाया सुना तो वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
आनन फानन में मौके पर मौजूद लोगों ने किसान को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित किसान ने बताया कि वह हर महीने अपने नलकूप का बिल जमा करता है। फिर भी निगम अफसरों ने उस पर लाखों रुपये की बकाएदारी बता दी है।
उन्होंने अफसरों से रिकॉर्ड को दुरस्त करने की मांग की है। वहीं, अधीक्षण अभियंता बीएल मौर्या ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। किसान की समस्या का हरसंभव निस्तारण कराया जाएगा।