हापुड़। भुगतान न होने से नाराज जनपद के 126 आलू किसान अब 21 जनवरी से कलक्ट्रेट पर महापंचायत करेंगे। बेंगलुरु की उत्कल ट्यूबर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधिकारियों ने डीएम के आश्वासन के बाद भी किसानों का भुगतान नहीं किया है। इससे किसान बहुत अधिक परेशान हैं और अब कंपनी के विरुद्ध आरपार की लड़ाई को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को किसानों ने 11 गांवों में संपर्क भी किया है।
किसानों ने बताया कि कंपनी द्वारा जिलाधिकारी के निर्देशों का पालन भी नहीं किया जा रहा है। पिछले दिनों डीएम की उपस्थिति में हुई बैठक में किसानों के खातों में 20 लाख रुपये प्रतिदिन भेजने का भरोसा कंपनी की ओर से दिया गया था। उसके बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है। वहीं, अब तो जिला उद्यान अधिकारी किसानों से वार्ता भी नहीं कर रहे हैं। इससे नाराज किसान अब 21 जनवरी से कलक्ट्रेट पर महापंचायत करेंगे और इसकी तैयारी शुरू कर दी गई हैं। किसानों ने गांवों में संपर्क करके महापंचायत का हिस्सा बनने की अपील भी की है।
किसान समरपाल सिंह, समीर रहमान, मेघराज, कुलदीप सिंह, मुनेष, शोकेंद्र ने बताया कि जनपद का आलू किसान भीषण आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, जबकि कंपनी पर किसानों का करीब ढ़ाई करोड़ रुपये बकाया है। अब भुगतान को लेकर कंपनी अधिकारी बातचीत तक नहीं कर रहे हैं।