हाफिजपुर। पुत्री की शादी में उधार लिए रुपये वापस न करने पड़ें इस पर एक महिला ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को चितौली रोड से उनकी कार और एक लाख रुपये लूटकर ले जाने की सूचना दे दी। लूट की सूचना से पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस जांच में मामला रुपयों के लेनदेन का निकला।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने शनिवार की दोपहर तहसील चौराहे के पास खड़े होकर डायल 112 पर कॉल कर थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति पर चितौली रोड से उनकी कार व एक लाख रुपये लूटकर ले जाने की सूचना दी थी। सूचना पर कोतवाली पुलिस महिला को थाने ले गई और जांच की। महिला द्वारा मामला थाना हाफिजपुर क्षेत्र का बताने पर कोतवाली पुलिस ने थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीन कुमार को इसकी जानकारी दी।
सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीन कुमार कोतवाली पहुंचे और महिला को थाने ले आए। पुलिस जांच में पाया गया कि महिला के पति ने दो वर्ष पहले अपनी पुत्री के शादी के लिए थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति से एक लाख रुपये लिए थे। बार-बार रुपये वापस करने का तकादा करने पर महिला के पति ने व्यक्ति को अपनी कार देकर जल्द रुपये लौटाने का वादा किया था, लेकिन वह रुपये नहीं दे पाया। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे महिला का पति व्यक्ति के गांव पहुंचा और 33 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद महिला का पति अपने घर लौट आया। उधार लिए बाकी रुपये न देने पड़ें इस पर महिला ने शनिवार की दोपहर तहसील चौराहे पर पहुंचकर पुलिस को लूट की फर्जी सूचना दी। सीओ ने बताया कि दोनों पक्षों का आपसी समझौता हो गया है। महिला व उसके पति ने व्यक्ति को जल्द रुपये लौटाने का आश्वासन दिया है।