हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के ततारपुर के पास खड़े ट्रक के चालक ने उसके नाबालिग क्लीनर से एक व्यक्ति द्वारा साढ़े 53 हजार रुपये लूटकर फरार होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच की तो सच्चाई सामने आ गई। चालक से गजरौला स्थित एक ढाबे में रुपये खोने के बाद यहां फर्जी लूट की सूचना पुलिस को दी थी। मामले में पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी मुकेश उर्फ कन्हैया ने मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना दी थी कि वह और नाबालिग क्लीनर दोनों बरेली से ट्रक में प्लाई पत्ता लेकर ततारपुर स्थित एक प्लाई फैक्टरी में आए थे। ट्रक को ततारपुर स्थित शराब के ठेके के पास खड़ा कर वह सो गया। इसी दौरान क्लीनर टहलता हुआ ट्रक के पीछे के हिस्से के पास पहुंच गया। इसी दौरान एक व्यक्ति क्लीनर के पास पहुंचा और उसे पीछे से दबोच लिया। इससे पहले वह कुछ समझ पाता, उसने उसकी पेंट की जेब में रखे साढ़े 53 हजार रुपये निकाल लिए। क्लीनर शोर मचाता हुआ उसके पीछे दौड़ा तो सामने से आ रहे दो अन्य युवकों ने उसे धमकाकर भगा दिया। शोर सुनकर चालक भी जाग गया और वहां मौजूद लोगों की मदद से आरोपी की तलाश की लेकिन, कोई सुराग हाथ नहीं लगा। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक व क्लीनर सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। बाद में घटना फर्जी निकली।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि गहनता से पूछताछ करने पर चालक कन्हैया ने बताया कि उससे गजरौला में एक ढाबे पर खाना खाने के दौरान रुपये कहीं खो गए थे। मालिक के डर से उसने ही यहां फर्जी लूट की सूचना पुलिस को दी। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।