पिलखुवा। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के टैंक में काम करते समय गैस की चपेट में आने से बेहोश हुए दो कर्मचारियों में से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा है।
शैलेष फार्म कॉलोनी स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का वाटेक वाबाघ प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा संचालन किया जा रहा है। शुक्रवार को प्लांट के टैंक में काम करते समय बुलंदशहर निवासी गौरव और मूल रूप से बलिया एवं वर्तमान में बदरपुर बॉर्डर दिल्ली निवासी ओमकार बेहोश हो गए थे। वाटेक वाबाघ प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि प्लांट के टैंक में बनी गैस के चपेट में आने से दो कर्मी बेहोश हो गए थे, जिनमें से गौरव की हालत सही है, ओमकार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के उपरांत एंबुलेंस से उसके पैतृक गांव बलिया भिजवाया गया है।