संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। वेतन, एरियर, रिटेनर समेत अन्य मांगों को लेकर मिल परिसर में धरना दे रहे कर्मचारियों ने शनिवार को चीनी मिल के गेट पर तालाबंदी कर दी। कर्मचारियों ने कहा कि मांग पूरी होने पर ही उनका आंदोलन समाप्त होगा।
सुरेश चौधरी के नेतृत्व में कर्मचारियों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। पहले दिन कर्मचारियों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करते हुए विरोध जताया। दूसरे दिन भी मिल प्रबंधन पर वार्ता न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। तीसरे दिन शनिवार को भी मिल प्रबंधन ने कर्मचारियों से वार्ता करने की कोशिश नहीं की, जिससे कर्मचारी आक्रोशित हो उठे।
कर्मचारियों ने मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मिल परिसर के गेट पर ताला लगा दिया। सुरेश चौधरी ने कहा कि इन सभी मांगों को लेकर कई बार आंदोलन किया गया, हर बार मिल प्रबंधन ने समाधान का आश्वासन दिया लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं की। ताहिर, इंद्रजीत सिंह, इंसाफ अली, अरुण त्यागी, महेश कुमार, आस मोहम्मद, नारायण सिंह, जुबेर अली, नरेश यादव, ऋषिपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।