गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव करीमपुर में सोमवार को ट्रांसफार्मर के जंफर जोड़ने के दौरान एक विद्युतकर्मी करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजनों और साथी विद्युतकर्मियों का आरोप है कि शटडाउन लेने के बावजूद बिना सूचना दिए बिजली की आपूर्ति चालू कर दी गई। हादसे में विद्युतकर्मी का करीब 40 प्रतिशत शरीर झुलस गया। उन्हें गढ़ के निजी अस्पताल से गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है।
विद्युत संगठन के पदाधिकारी शिवकुमार गिरि ने बताया कि गांव अल्लाबख्शपुर निवासी सलमुद्दीन सोमवार को करीमपुर स्थित एक फार्म हाउस पर लगे ट्रांसफार्मर के जंफर जोड़ने का काम कर रहे थे। काम शुरू करने से पहले सलमुद्दीन ने गढ़ से होने वाली विद्युत आपूर्ति के फीडर का शटडाउन लिया था।
उनका आरोप है कि काम पूरा होने से पहले ही टीजीटू (सप्लाई इंचार्ज) ने उसे बिना सूचना दिए बिजली की आपूर्ति चालू कर दी। इससे ट्रांसफार्मर पर काम कर रहा सलमुद्दीन करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।
झुलसे कर्मचारी का मेरठ में उपचार चल रहा है। परिजन और साथियों कर्मियों से वार्ता की जा रही है। जांच में लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई कराई जाएगी। - आदित्य भूषण भारती, अधिशासी अभियंता