सिंभावली। कस्बे के भोवापुर मस्ताननगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में एक बुजुर्ग व्यक्ति से 95 सौ रुपये ठग लिए गए। अज्ञात व्यक्ति ने मदद का झांसा देकर इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।
गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के गांव अक्खापुर निवासी उदयवीर सिंह 15 सितंबर को बैंक से 50 हजार रुपये निकालने गए थे। कैश काउंटर के पास एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को मददगार बताया। उसने उदयवीर सिंह से रुपये गिनने के लिए कहा। उदयवीर सिंह ने 500-500 रुपये की गड्डी उसे गिनने को दी। आरोपी ने गड्डी में से 500 रुपये के 19 नोट निकाल लिए। उसने बाकी रकम यह कहकर लौटा दी कि रुपये पूरे हैं।
कुछ देर बाद गड्डी पतली महसूस होने पर बुजुर्ग ने रकम गिनी। उन्हें 95 सौ रुपये कम मिले। पीड़ित ने आरोपी की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। उदयवीर सिंह ने 24 सितंबर को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की मांग की गई है। सीओ राहुल यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।