गांव जरौठी में नाले की सफाई व सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को तहसील में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
नाले की सफाई न होने से गांव जरौठी में हर वक्त जलभराव की स्थिति बनी रहती है। कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही। इससे आक्रोशित बड़ी संख्या में ग्रामीण मंगलवार को तहसील परिसर में पहुंचे और प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक रास्ता असौड़ा पैठ से काली नदी पर मिनी बाईपास का काम करता है, जो मेरठ-गढ़ रोड के लिए भी बाईपास है। इस रास्ते पर कुछ गांव भी जुड़े हुए हैं।
गांव के रास्ते के किनारे पर नाला बना हुआ है, जिसकी सफाई काफी समय से नहीं हो पाई है। नाले की सफाई नहीं होने से गांव के रास्ते पर गंदा पानी भरा रहता है। इसके अलावा गांव की सड़कें भी खस्ताहाल हैं। ग्रामीणों ने अपर जिलाधिकारी रजनीश राय को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की है। एडीएम ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शन करने वालों में सतीश चौधरी, सरदार जरनैल सिंह, रविंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, संदीप कुमार, सुदेश शर्मा, बिजेंद्र, योगश शर्मा, सुनील शर्मा, नेपाल सिंह, धर्मवीर सिंह व हरभजन सिंह आदि मौजूद रहे।
-