तहसील दिवस में ढेरों समस्याएं आईं, पर मौके पर कुछ ही का समाधान हो सका। अधिकतर फरियादियों को मायूस होकर लौटना पड़ा। मंगलवार को तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में भी 28 शिकायतों में से मात्र दो का ही मौके पर समाधान हो सका।
एडीएम रजनीश रॉय की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें नगर पंचायत बाबूगढ़ निवासी मिथलेश ने संपत्ति पर नाम दर्ज कराने, घनश्यामपुरा निवासी अवनीश गर्ग ने पानी की निकासी सुचारू कराने, गंाव औरंगाबाद निवासी जयवीर सिंह ने नाली खुलवाने के संबंध में शिकायत की।
इसके अलावा गांव धनावली अट्टा निवासी राजू ने पट्टा को संक्रमणीय करने,मेरठ रोड स्थित सर्वोदय कालोनी निवासी विनम्रवत त्यागी ने पानी की निकासी कराने, आदर्श कालोनी निवासी मोहित ने मार्ग का निर्माण कराने सहित कुल 28 शिकायतें आई। लेकिन इन शिकायतों में से मात्र दो शिकायतों का ही मौके पर समाधान हो सका। अधिकतर फरियादियों की समस्या का समाधान न होने पर उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा।
एडीएम रजनीय रॉय ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान कराने के लिए विभाग के अफसरों को निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक रामनयन यादव, एसडीएम सदर मीनू राणा, एसडीएम केबी सिंह, सीओ सिटी विशाल यादव आदि मौजूद रहे।