बाबूगढ़ के प्राथमिक स्कूल में स्थित ट्रेनिंग सेंटर की छत से टूटा प्लास्टर। संवाद
हापुड़। बाबूगढ़ के प्राथमिक स्कूल में बुधवार को प्रशिक्षण के दौरान छत का प्लास्टर टूटकर नीचे कुर्सियों पर गिर गया। इससे हॉल में बैठे 60 शिक्षकों में भगदड़ मच गई। किसी तरह शिक्षकों ने भागकर जान बचाई। गनीमत रही कि इसमें किसी को चोट नहीं लगी। शिक्षकों ने बारिश के बावजूद अवकाश के दिन भी प्रशिक्षण कराने का आरोप लगाया।
खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय देशराज वत्स के अनुसार एक सितंबर से शिक्षकों को एफएलएन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बाबूगढ़ के प्राथमिक स्कूल परिसर में ही प्रशिक्षण हॉल बनाया है। पिछले चार दिन से बारिश हो रही है, ऐसे में बुधवार को जिला प्रशासन ने 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया।
वहीं, शिक्षकों ने आरोप लगाया कि अवकाश होने के बावजूद उन्हें प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया, जबकि अन्य जिलों में शिक्षकों का भी अवकाश रहा। बताया कि बुधवार को बाबूगढ़ के प्राथमिक स्कूल के हॉल में करीब 60 शिक्षक प्रशिक्षण ले रहे थे। इसी बीच छत से प्लास्टर टूटकर नीचे गिरने लगा। तेज आवाज होने पर शिक्षकों में भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं ली। घटना के बाद जांच करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी और पुलिस अधिकारी भी पहुंचे।
हॉल में पीछे की तरह गिरा था प्लास्टर
प्रशिक्षण हॉल में पीछे की तरह प्लास्टर गिरा था। हॉल का निरीक्षण किया गया है। छत और दीवारें सब कुछ ठीक हैं। अब शिक्षकों का प्रशिक्षण गोयना में होगा। - देशराज वत्स, बीईओ मुख्यालय