हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के एनएच-334 स्थित गांव सादिकपुर के पास हाईवे पर अचानक टायर फटने से एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दौरान कार में सवार कई लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे के एक तरफ यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
पुलिस के अनुसार, जिला बागपत के गांव फाजलपुर निवासी रोहित कार में सवार होकर अपने परिचित उमेश निवासी गांव दरकावदा जिला बागपत व उनकी पत्नी मीनाक्षी और पांच बच्चों के साथ मंगलवार की दोपहर गुलावठी से बागपत लौट रहे थे। एनएच-334 स्थित गांव सादिकपुर के पास हाईवे पर अचानक टायर फटने से उसकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे के एक तरफ यातायात बधित हो गया और लोग अपने वाहनों के साथ जाम में फंस गए। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया था। कार सवार लोगों को मामूली चोटें आने की सूचना मिली थी।